![]() |
| अमलेश कुमार |
मुंगेर, सूबे के पीएचईडी मंत्री डा. रामप्रीत पासवान ने कहा कि दिसंबर तक जिले के हर घर में नल का जल पहुंच जाएगा। नल-जल योजना का काम काफी तेजी से चल रहा है। काम समय पर पूरा हो इसके लिए नीचे से ऊपर स्तर के अधिकारियों को कहा गया है। योजना में किसी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी। मंत्री बुधवार को परिसदन में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। मंत्री ने कहा कि पांच माह के अंदर सभी परिवारों को पेयजल उपलब्ध कराने के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि पीएचईडी की ओर से जिले में 800 योजनाओं पर काम चल रहा है। इसमें से 785 योजनाओं का काम पूरा हो चुका है। जहां लिकेज, और दूषित पानी की समस्या है वहां उसे ठीक करने के लिए भी कहा गया है। जिले में निर्मित जलमीनार का पांच वर्षो तक मेंटनेंस का कार्य संबंधित संवेदक को करना है। संवेदक की देखरेख में ही आपरेटर कार्य करेगें। मंत्री ने कहा कि लोक स्वास्थ्य प्रमंडल की ओर से 174721 घरों में नल जल योजना का काम होना है। मुंगेर नगर निगम में जलापूर्ति का काम निगम की ओर से कराया जाएगा, इसके लिए निर्देश दिया गया है।
मंत्री ने कहा कि नल जल योजना का लाभ सभी लोगों को मिले। इसके लिए ग्रामीण इलाकों सुबह तीन और शाम चार घंटे पानी की आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित कराएं। इसमें किसी तरह की कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना ही सरकार की प्राथमिकता है। पेयजल के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। विभाग को निर्देश दिया गया है। इस योजना में कोताही करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश जैन, जदयू जिलाध्यक्ष संतोष सहनी, निलेश सिंह, बब्लू पासवान, शिवम मंडल, कृष्णा मंडल, किस्टो सिंह, दीपक कुमार सहित अन्य लोग भी थे।
मंत्री के पास जिले के सदर प्रखंड के महुली पंचायत, नौवागढ़ी उत्तरी, नौवागढ़ी दक्षिणी, शंकरपुर, श्रीमतपुर, कटरिया, कुतलूपुर, मिर्जापुर बरदह, तारापुर दियारा, जानकीनगर सहित अन्य जगहों पर पेयजल आपूर्ति नहीं होने का मामला पहुंचा। मंत्री ने कार्यपालक अभियंता को शिकायतें सुनने के बाद अविलंब व्यवस्था सुद्ढ़ करने का निर्देश दिया।
मंत्री ने कहा कि शहरी पाइप जलापूर्ति योजना अंतर्गत 10 हजार घरों में पानी पहुंचाने का लक्ष्य था। इसमें से 7392 घरों में पानी पहुंचनाने का काम पूरा कर लिया गया। जमालपुर चार जलमीनार का काम पूरा कर लिया गया है। दो जलमीनार को चालू कर दिया गया है, दो बचे जलमीनार में रेल लाइन क्रासिग संबंधित कुछ समस्याएं आ रही है। इसे भी जल्द दुरुस्त कर लिया जाएगा।

