सरायगढ़(सुपौल) , एसएसबी 45वीं बटालियन ने बुधवार की अलसुबह सीमा चौकी सिमरीघाट से 270 बोतल दिलवाले ब्रांड के नेपाली शराब के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया। जानकारी देते हुए कमांडेंट एचके गुप्ता ने बताया कि सूचना मिली थी कि कोसी स्पर संख्या 2475 के समीप नदी के रास्ते से शराब की खेप भारतीय प्रभाग में आने वाली है। कार्यवाही को अंजाम देते हुए हेड कांस्टेबल सतीश कुमार के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल गणेश रंजन झा, कांस्टेबल विष्णु देव गोंड, देवव्रत, सोमवीर तथा रोशन लाल महतो के साथ नाका दल का गठन कर चिन्हित स्थान के लिए रवाना हुए। उक्त स्पर के समीप पहुंच कर नाका पार्टी द्वारा देखा गया कि एक व्यक्ति सिर पर बोरी लिए उक्त स्पर के समीप से भारतीय प्रभाग के तरफ आ रहा है। एसएसबी को देखते ही वह व्यक्ति सामान फेंककर भागने की कोशिश करने लगा, परंतु नाका दल द्वारा उस व्यक्ति को घेरकर पकड़ लिया गया। तत्पश्चात नाका दल द्वारा बोरी को खोलकर देखा गया जिसमें दिलवाले ब्रांड की 270 बोतल (81 लीटर) नेपाली शराब बरामद हुई। तस्कर सहित शराब को उत्पाद विभाग सुपौल के सुपुर्द किया गया। तस्कर की पहचान उपेंद्र कुमार ठाकुर गांव नोनपार वार्ड संख्या 12 के रूप में की गई। मालूम हो कि कोसी नदी में पानी बढ़ने के साथ ही शराब तस्करों की चांदी कटने लगी है। शराब तस्कर नाव के सहारे शराब की बड़ी खेप लाकर पूर्वी कोसी तटबंध के किनारे जहां-तहां उतारते हैं और फिर वाहन में उसे लादकर दूर-दूर तक ले जाते हैं।

