सीमांचल एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क नई दिल्ली (एजेंसी)
दिल्ली में होली के दिन सोमवार (29 मार्च) को अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने 76 साल का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। दरअसल, मार्च के महीने के दौरान दिल्ली में इससे ज्यादा गर्मी कभी नहीं पड़ी। यह जानकारी भारतीय मौसम विभाग ने दी। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि सफदरजंग वेधशाला ने अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से आठ डिग्री अधिक है
मौसम विभाग के मुताबिक मैदानी इलाकों में जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो जाता है और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक हो, तब उसे ‘लू’ घोषित किया जाता है। वहीं, सामान्य तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस अधिक हो जाने पर प्रचंड लू की घोषणा की जाती है। श्रीवास्तव ने कहा, '31 मार्च, 1945 के बाद से यह मार्च में सबसे गर्म दिन था, जब राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था दिल्ली के नजफगढ़, नरेला, पीतमपुरा और पूसा में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस, 41.7 डिग्री सेल्सियस, 41.6 डिग्री सेल्सियस और 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
