• Faridabad News: पुलिस मुठभेड़ में बदमाश की मौत, दो गिरफ्तार
• मृतक के परिजनों ने पुलिस पर लगाया हत्या का आरोप
• पुलिस पर मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर अड़े परिजन
फरीदाबाद, 17 सितंबर । नगर के धौज इलाके में शनिवार देर रात क्राइम ब्रांच-48 की टीम की बदमाशों के साथ हुई एक मुठभेड़ में एक बदमाश मारा गया। पुलिस ने बदमाश के अन्य दो साथियों को गिरफ्तार किया है। मृतक के परिजन पुलिस पर बबलू की हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पुलिस की क्राइम ब्रांच को देर रात सूचना मिली कि बदमाश बबलू अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर सोहना की तरफ किसी वारदात को अंजाम देने जा रहा है। इस पर पुलिस ने उनका पीछा कर आलमपुर से सिलाखड़ी जाने वाले मार्ग पर उन्हें रुकने के लिए कहा। पुलिस के मुताबिक इस पर गाड़ी में सवार तीनों युवकों ने क्राइम ब्रांच की टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। पुलिस की फायरिंग में बबलू उर्फ बलविंदर उर्फ बलराम निवासी पावटा की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पास से एक कट्टा बरामद किया है। पुलिस ने बबलू के दो साथियों अनूप उर्फ छलिया और अरविंद को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच कर रही है
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह के अनुसार बबलू पर लूटपाट समेत छीना झपटी के चार मामले दर्ज हैं। दो मामलों में वह गिरफ्तार भी हो चुका था। हुआ था जबकि एक अन्य मामले में फरार चल रहा था। मृतक बबलू के गिरफ्तार साथी अनूप उर्फ छलिया पर हत्या और अरविंद पर एक्साइज एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
बताया गया कि बबलू की आठ साल पहले शादी हुई थी और उसके 5 से 7 साल की उम्र के तीन बच्चे हैं। पुलिस मुठभेड़ में बबलू के मारे जाने की खबर उसके परिजन और बड़ी संख्या में गांव पावटा के ग्रामीण जिला नागरिक बादशाह खान अस्पताल में एकत्र हो गए। मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस पर बबलू की हत्या की है। उनका आरोप है कि पुलिस ने बबलू को रोककर गोली मार दी, जबकि वह निर्दोष था। परिजन पुलिस के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर शव न उठाने पर अड़े हैं।
