रिपोर्टर हयात दानिश
पूर्णिया: पूर्णिया के अमौर में घर के बाहर बैठक में सो रहे किसान की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। मृतक के सिर के हिस्से में कई गहरे वार के निशान मिले हैं। मृतक की पहचान 62 वर्षीय जनार्दन मंडल के रूप में हुई है। समूची घटना अमौर थाना के सिरोटोल गांव की है। वहीं गांव में हुई इस खौफनाक घटना के बाद से घर के बाहर मचान और बैठक पर सोने वाले लोग सहमे हुए हैं। वहीं परिजनों में मातम पसरा है।
घटना के संबंध में मृतक के बेटे रंजीत कुमार मंडल ने बताया कि रविवार देर रात करीब 11:00 बजे रोजाना की तरह रात का खाना खाकर उनके पिता घर के बाहर बैठक में सोने गए थे। वहीं उनकी मां सुबह करीब 4:00 बजे उठी, तो पिता को लहूलुहान पाया। पिता के सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। जख्म के निशान को देखकर लगता है कि तब तक उनके पिता के सिर पर धारदार हथियार से हमला किया गया है, जब तक वह दम ना तोड़ दिए हो।
मृतक के बेटे ने अपने पड़ोसी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके पिता की हत्या उसके पड़ोसी ने की है। मृतक के परिवार का पड़ोसी के साथ जमीन को लेकर उनका विवाद चल रहा है। इसी विवाद में उनके पिता की हत्या किए जाने की आशंका है। इसे लेकर मृतक के परिजनों ने अमौर थाने में आवेदन दिया है।
घटना को लेकर अमौर थाना से आए सिपाही जगदीश नारायण ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से सूचना दी गई कि धारदार हथियार से वार कर वृद्ध की हत्या कर दी गई है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
