बिजली के ट्रांसफार्मर और तार चोरी करते थे, दो गिरफ्तार

गाजियाबाद। मोदीनगर पुलिस ने बिजली के ट्रांसफार्मर और तार चोरी करने वाले गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो तमंचे और चोरी में इस्तेमाल की गई एक कार बरामद की है। गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार है। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि गुरुवार को सूचना मिली थी कि जंगल से बिजली के ट्रांसफार्मर और तार चोरी करने वाला गिरोह किसी वारदात को अंजाम देने के लिए क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही निवाड़ी थाना प्रभारी ने चेकिंग अभियान शुरू किया। चेकिंग के दौरान एक कार आती दिखाई दी, जिसे पुलिस ने रुकने का इशारा किया। चालक ने कार की रफ्तार बढ़ा दी, जिसके बाद पुलिस ने पीछा कर कार को रोका और दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में बदमाशों ने अपनी पहचान फिरोज और जान मोहम्मद निवासी गांव धारापट्टी, थाना जानी, जिला मेरठ के रूप में बताई। बदमाशों ने पुलिस को बताया कि वे अपने साथी शाहरुख के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। वे दिन में खेतों की रेकी करते और रात के समय बिजली के ट्रांसफार्मर चोरी कर लेते थे। पुलिस ने इनके पास से दो तमंचे, चोरी में इस्तेमाल की गई कार और चोरी करने के औजार बरामद किए हैं। एक अन्य घटना में मोदीनगर पुलिस ने चोरी करने के इरादे से घूम रहे दो अन्य बदमाशों को भी गिरफ्तार किया। इनके पास से भी चोरी करने के औजार बरामद हुए। एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि बुधवार रात पुलिस गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान रास्ते में दो युवक संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए मिले। जब पुलिस ने उन्हें रोका तो वे भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में बदमाशों ने अपना नाम नसीम और आसिफ, निवासी गांव खानपुर, थाना जानी, जिला मेरठ बताया। पुलिस पूछताछ में बदमाशों ने कहा कि वे दिन में रेकी कर रात को बंद पड़े घरों में चोरी करते थे।

Post a Comment

SEEMANCHAL EXPRESS

Previous Post Next Post