होली एवं शब -ए- बरात पर्व 2023 शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, परमान सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक



सीमांचल एक्सप्रेस • संवाददाता • मासुम रेजा 

दिनांक:- 02 मार्च 2023 अररिया 
होली एवं शब -ए- बरात पर्व 2023 शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर आज समाहरणालय स्थित परमान सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक जिला पदाधिकारी श्रीमती इनायत खान की अध्यक्षता में आहूत की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अशोक कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त श्री मनोज कुमार, अपर समाहर्ता श्री राज मोहन झा, अनुमंडल पदाधिकारी अररिया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अररिया एवं सभी अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष सहित माननीय  शांति समिति के सभी सदस्यगण व प्रबुद्धजन उपस्थित थे। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में सभी लोग मिल-जुल कर त्योहारों को मनाते हैं। सभी पर्व त्योहार आपसी भाईचारे प्रेम एवं सद्भाव के साथ मनाया जाता रहा है। इसमें शांति समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने उपस्थित शांति समिति के सदस्यों एवं अन्य प्रबुद्धजनों से अनुरोध किया कि आगामी होली और शब-ए-बरात का पर्व भी आपके सहयोग से शांतिपूर्ण और सद्भाव पूर्ण वातावरण में मनाया जाय।उन्होंने कहा कि शांति समिति के सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्थाएं बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाते रहे हैं और इस बार भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका अपेक्षित है। जिलाधिकारी ने कहा कि होली के त्यौहार पर किसी प्रकार की अनहोनी ना हो इसके लिए आवश्यकता अनुसार दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षा बालों की प्रतिनियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि शांति समिति के सदस्य एवं जिले के नागरिक शांति के लिए कटिबद्ध रहेंगे तो यह त्यौहार भी पूर्व की भांति शांतिपूर्ण वातावरण में पुनः मनाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर भी सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली गई है। इस त्योहार के अवसर पर कोई अप्रिय घटना ना हो उसके लिए जिला प्रशासन सजग और सचेत है।जिलाधिकारी द्वारा उत्पाद अधीक्षक को शराबबंदी कड़ाई से लागू कराने तथा सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। नशीले पदार्थों के सेवन पर भी विशेष निगरानी रखने और संबंधित क्षेत्र के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना अध्यक्ष से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सभी थाना अध्यक्ष को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने क्षेत्र में डीजे संचालकों को पत्र के माध्यम से होली एवं शब ए बरात पर डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है, इसकी सूचना देने का निर्देश दिया गया। इस दौरान अगर डीजे को भाड़े पर दिया जाता है उसे सीज करते हुए फाइन करना सुनिश्चित करें। जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि लहरिया कट बाइकर्स, बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस, ट्रिपल लोडिंग वाले वाहन को लेकर विशेष ड्राइव चलाकर लाइसेंस रद्द करते हुए वाहनों को सीज करें। बैठक में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी गण उपस्थित थे।

Post a Comment

SEEMANCHAL EXPRESS

Previous Post Next Post