पिछले आठ सालों में स्कूल, विश्वविद्याल से लेकर फ्लाइओवर बनाने के केजरीवाल के वायदे को दिल्लीवासी तलाश रहे हैं-केशव प्रसाद मौर्या











🔴मनोज तिवारी, रवि किशन और दिनेश लाल यादव “निरहुआ” ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं से मिले स्नेह, सम्मान और सहयोग के चलते आज दिल्ली में बसा पूर्वांचल समाज नगर निगम चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करने का मन बना चुका है

🔴 एक तरफ भाजपा काम करने वाली पार्टी है और दूसरी तरफ वे लोग हैं जो केवल कारनामें करने वाले हैं-पुष्कर सिंह धामी

🔴 दिल्ली में जनता पुनः भाजपा को ही नगर सेवा के लिए चुनेगी क्योंकि हम काम करते हैं प्रचार नहीं-जयराम ठाकुर

🔴 पिछले चुनावों की तुलना में इस बार भाजपा को मिल रहे नगर निगम में जनसमर्थन बताता है कि चौथी बार भाजपा का निगम में आना तय है-नरेन्द्र सिंह तोमर

🔴 भाजपा निगम में सेवा में लौटते ही सबसे पहले महिलाओं के लिए गरिमा गृह रुपी सशक्तिकरण केंद्र बनाने पर काम करेगी-आदेश गुप्ता

🔴 पिछले आठ सालों में स्कूल, विश्वविद्याल से लेकर फ्लाइओवर बनाने के केजरीवाल के वायदे को दिल्लीवासी तलाश रहे हैं-केशव प्रसाद मौर्या

नई दिल्ली, 1 दिसम्बर। नगर निगम चुनाव प्रचार बंद होने से एक दिन पूर्व आज भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने जनसभाओं एवं पदयात्राओं के माध्यम से मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाई और दिल्ली को केंद्र सरकार की विकास योजनाओं से जोड़ने के लिए चार दिसंबर के चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आवाहन किया।  

आज के कार्यक्रम में मुख्य रुप से उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्या, केंद्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, श्री कृष्णपाल गुर्जर एवं श्री अजय भट्ट, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री आदेश गुप्ता, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद डॉ हर्षवर्धन, श्री मनोज तिवारी, श्री रमेश बिधूड़ी, श्री प्रवेश साहिब सिंह, श्री हंसराज हंस, श्री रवि किशन, श्री दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, श्री भोला सिंह, श्री गोपाल जी ठाकुर, डॉ अनिल जैन, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री शहनवाज हुसैन, पूर्व मंत्री श्री कपिल मिश्रा, पूर्व सांसद श्री विजय सोनकर शास्त्री सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

आज के कार्यक्रमों में मुख्य रुप से पूर्वांचल से जुड़े तीन सांसद नेताओं श्री मनोज तिवारी, श्री रवि किशन और श्री दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने कुल 32 सभाओं एवं पदयात्राओं के माध्यम से सक्रिय प्रचार किया और कहा कि पूर्वांचलवासी आज दिल्ली के विकास की नींव हैं और उन्होंने अपने राज्य उत्तर प्रदेश की भाजपा की सरकार का विकास कार्य देखा है और कुछ समय पूर्व तक भाजपा गठबंधन की बिहार सरकार का भी विकास कार्य देखा है वहीं दूसरी ओर उन्होंने देखा है कि किस तरह दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने कोविड काल में उन्हें असहाय छोड़ दिया था। उन्होंने कहा कि पूर्वांचलवासियों ने देखा है कि किस तरह केजरीवाल सरकार ने उनके प्रिय पर्व छठ पूजा पर भी राजनीति की और साथ ही पूर्वांचलवासियों ने देखा है कि किस तरह से हर मौके पर उनका साथ दिया है, उन्हें सहयोग दिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं से मिले स्नेह, सम्मान और सहयोग के चलते आज दिल्ली में बसा पूर्वांचल समाज नगर निगम चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करने का मन बना चुका है।

श्री पुष्कर सिंह धामी ने बदरपुर एवं छतरपुर में सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा हमेशा से ही अपने कार्यकर्ताओं और आम जनता का सम्मान करती रही है और आज यहां जिस तरह से जनसैलाब उमड़ा है उसे देखकर बिना किसी संदेह के कहा जा सकता है कि 4 दिसंबर को भाजपा का कमल एक बार फिर से दिल्ली नगर निगम में खिलेगा। उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा काम करने वाली पार्टी है और दूसरी तरफ वे लोग हैं जो केवल कारनामें करने वाले हैं। आज महाठग को भी ठगने का काम केजरीवाल और उनकी पार्टी ने किया है, लेकिन उत्तराखंडवासी कभी भी अपने स्वाभिमान के साथ समझौता नहीं करने वाली है।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, हमारे कार्यकर्ताओं को जनता की समर्पित सेवा करने के संस्कार दिए जाते हैं और इसलिए हमने देखा है कि जनसंघ काल से दिल्ली के लोगों ने अधिकांश समय हमें ही नगर निगम में सेवा के लिए चुना है। उन्होंने कहा कि गत वर्षो में भाजपा नगर निगम में केजरीवाल सरकार की सभी प्रताड़नाओं के बावजूद दिल्ली की जनता की सेवा की है और जनता पुनः भाजपा को ही नगर सेवा के लिए चुनेगी क्योंकि हम काम करते हैं प्रचार नहीं।
 
केंद्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले चुनावों की तुलना में इस बार भाजपा को मिल रहे नगर निगम में जनसमर्थन बताता है कि चौथी बार भाजपा का निगम में आना तय है। उन्होंने कहा कि दिल्लीवासी अरविंद केजरीवाल के भ्रष्टाचार और झूठे वायदों को समझ चुके हैं और इसलिए चर्चा इस बात की भी होती है कि झूठ बोलने का कोई कंपटीशन होगा तो उसमें केजरीवाल पहले नंबर पर होंगे। विकास की जगह झूठ बोलना दिल्ली के मुख्यमंत्री की दिनचर्या बन चुकी है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री आदेश गुप्ता ने कालकाजी में चुनाव प्रचार में कहा कि आज समाज के विभिन्न वर्गों का समर्थन भाजपा को मिल ही रहा है पर महिलाएं भाजपा के संकल्प पत्र से प्रभावित होकर अब पार्टी की ओर आकर्षित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा निगम में सेवा में लौटते ही सबसे पहले महिलाओं के लिए गरिमा गृह रुपी सशक्तिकरण केंद्र बनाने पर काम करेगी।
 
उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार पिछले आठ सालों से वायदें तो करती है लेकिन जब समय उसे पूरा करने का आता है तो सरकार तुरंत गुमराह करने लगती है और यह दिल्ली की जनता अब पूरी तरह से समझ चुकी है। पिछले आठ सालों में स्कूल, विश्वविद्यालय से लेकर फ्लाइओवर बनाने के केजरीवाल के वायदे को दिल्लीवासी तलाश रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम का चुनाव इस तरह के लोगों को दिल्ली से सफाया करने का एक मौका लेकर आया है और जनता इसकी पूरी तैयारी कर चुकी है।

Post a Comment

SEEMANCHAL EXPRESS

Previous Post Next Post