सीमांचल एक्सप्रेस, अररिया रिपोर्टर:मासुम रेजा
जिला स्तरीय युवा उत्सव के आयोजन को लेकर अपर समाहर्ता श्री राज मोहन झा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में बैठक आहूत की गई। बैठक में विशेष कार्य पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, अपर अनुमंडल पदाधिकारी फारबिसगंज, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना), जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा), उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा सहित संबंधित संगीत शिक्षक उपस्थित थे। बैठक में उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा द्वारा बताया गया कि कला संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में प्रत्येक वर्ष जिला स्तर पर युवा उत्सव का आयोजन कर जिला स्तरीय स्तरीय कलाकारों की पहचान करते हुए राज्य स्तरीय युवा उत्सव में सहभागिता सुनिश्चित की जाती है। युवा उत्सव में प्रतियोगिता विभिन्न विधाओं तथा समूह गायन, समूह लोक नृत्य, एकांकी नाटक, शास्त्रीय नृत्य, शास्त्रीय गायन, शास्त्रीय वादन, एकल प्रस्तुति, हार्मोनियम वादन, वक्तृता, एकल, चित्रकला, मूर्तिकला, हस्तशिल्प, छायाचित्र में आयोजित जायेगा। जिला स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने हेतु इच्छुक कलाकार (15-35 आयु वर्ग) अपना नामांकन उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा अररिया के कार्यालय में दिनांक 27.11.2022 को संध्या 5:00 बजे तक नि:शुल्क कराया जा सकता है। बैठक में अपर समाहर्ता महोदय द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि अपने स्तर से सभी शिक्षण संस्थानों के प्रधानाध्यापक संगीत शिक्षकों के माध्यम से कलाकारों की सहभागिता सुनिश्चित कराएंगे जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन दिनांक 29 एवं 30 नवंबर 2022 को टाउन हॉल अररिया में करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को आयोजन स्थल पर अस्थाई शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सिविल सर्जन अररिया को कार्यक्रम स्थल पर एंबुलेंस एवं मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया। कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद को कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई ससमय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
