दो भाइयों सहित ठक-ठक गिरोह के तीन बदमाश काबू

  • 𝗦𝗘𝗘𝗠𝗔𝗡𝗖𝗛𝗔𝗟 𝗘𝗫𝗣𝗥𝗘𝗦𝗦 𝗕𝗨𝗥𝗘𝗔𝗨

फरीदाबाद,  क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने शहर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले ठक-ठक गिरोह के तीन बदमाशों को काबू किया है। आरोपी पिछले एक साल से चोरी व लूट की वारदात में शामिल रहे हैं। आरोपियों की पहचान पल्ला निवासी विशाल व साहिल और दिल्ली निवासी रूबन के रूप में हुई है। विशाल और साहिल भाई हैं। पुलिस ने करीब एक सप्ताह पहले तीनों आरोपियों को पल्ला थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर रिमांड परले रखा था। आरोपियों के खिलाफ लूट व चोरी के 11 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 लैपटॉप, 80 हजार रुपये, एक मोटरसाइकिल व एक स्कूटी बरामद की है। विशाल इस गैंग का मुखिया है। वह ही सभी वारदात की योजना तैयार करता है। सभी आरोपी नशा करने के आदी हैं। अय्याशी की जिंदगी व्यतीत करने के चक्कर में इस प्रकार की वारदात को अंजाम देते हैं। पूछताछ पूरी होने के पश्चात आरोपियों को दोबारा अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी धूम फिल्म की तर्ज पर हाईवे के आसपास के क्षेत्रों को ही चुनते थे। इससे उन्हें भागने में आसानी होती थी। वारदात के दिन इनमें से एक आरोपी स्कूटी लेकर आसपास निगरानी रखता था। इनके पास एक एफ जेड मोटरसाइकिल होती थी। ये बाइक काफी तेज भागती है। वारदात को अंजाम देने के बाद पलक झपकते ही गायब हो जाते थे। आरोपी सुनसान रास्ते पर चल रहे वाहनों को रोकने के लिए कई तरीके अपनाते थे। इसमें वाहन चालक को टायर पंचर की बात कहकर रुकवा लेना, उसके गाड़ी के शीशे पर तेल छिड़क देना, सुनसान जगह पर खड़ी गाड़ी का शीशा तोड़कर सामान निकाल लेना जैसे तरीके शामिल थे। आरोपी इसी प्रकार की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन क्राइम ब्रांच ने उन्हें दबोच लिया।

Post a Comment

SEEMANCHAL EXPRESS

Previous Post Next Post