- 𝗦𝗘𝗘𝗠𝗔𝗡𝗖𝗛𝗔𝗟 𝗘𝗫𝗣𝗥𝗘𝗦𝗦 𝗕𝗨𝗥𝗘𝗔𝗨
फरीदाबाद, शहर में चार दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश ने शहरवासियों को जहां गर्मी से राहत मिली है। वहीं जलभराव से आफत भी हो गई। बारिश से शहर की सड़कों पर पानी भर गया। सड़कों पर जलभराव से राहगीरों व वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आलम यह रहा कि वाहन तो क्या लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया। सबसे ज्यादा जलभराव की स्थित पर्वतिया कॉलोनी 60 फुट रोड पर देखने को मिली। सड़क पर घुटनों से ऊपर तक पानी भर जाने के कारण एक महिला ने अपने बच्चों के साथ रेहड़ी पर बैठकर जान बचाई। यह समस्या पानी निकासी के पुख्ता इंतजाम नहीं होने के कारण उत्पन्न हुई। स्मार्ट सिटी फरीदाबाद में चार दिनों से बारिश का दौर जारी है। बृहस्पतिवार को भी कई इलाकों में बूंदाबांदी के साथ तेज बारिश हुई। इससे शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह पर जलभराव से यातायात प्रभावित रहा। गाड़ियों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। सबसे ज्यादा खराब हालत डबुआ कॉलोनी और पर्वतिया कॉलोनी 60 फुट रोड और सेक्टर-22 में देखने को मिली। यहां की सड़कें पानी से लबालब रही।
सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। सेक्टर-7 और एनआईटी तीन नंबर में भी बारिश से बुरा हाल रहा। सड़क के साथ घरों और दुकानों में पानी भरने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। इससे सुबह दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश ने बृहस्पतिवार को नगर निगम के दावों की पोल खोल दी। बारिश से कई इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा हो गई। क्षेत्र में पानी निकासी की उचित इंतजाम नहीं होने के कारण डबुआ कॉलोनी की मुख्य सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया। निगमायुक्त की ओर से शहर में जलभराव से निजात दिलाने के बड़े-बड़े दावे किए गए थे। बारिश शुरू होने से पहले उन्होंने कार्यकारी अभियंताओं को 20 दिन में जलभराव से निपटने के इंतजार करने के आदेश दिए थे। पुख्ता इंतजाम न होने पर कार्रवाई की बात कही थी। बारिश बाद शहर में जलभराव से लोग परेशान है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पर्वतिया कॉलोनी निवासी अधिवक्ता मनोज शर्मा ने बताया कि पूर्व विधायक ने कॉलोनी को सेक्टर-50 का दर्जा दिलाया था। आज लोग खुद को सेक्टरवासी तो कहने लगे हैं, लेकिन समस्याएं ग्रामीण क्षेत्रों से बदतर बनी हुई हैं। बारिश के कारण डबुआ 60 फुट रोड पर जलभराव से यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। बीके चौक, नीलम चौक, एक नंबर से डबुआ जाने वाले ऑटो चालकों ने किनारा कर लिया। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सेक्टर-7-8, 9-10, 10-11 की डिवाइडिंग सड़क, सेक्टर-16 के विश्राम गृह वाली सड़क, सेक्टर-11 व 12 की सड़क, सेक्टर, छह, सात, आठ, नौ, 15, 16, 17, 18, 19, 21, 22, 23, 28, 29, 30, 31व 37 की मुख्य सड़कें, बीके-हार्डवेयर चौक, एयरफोर्स रोड, रेलवे रोड, राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुड ईयर चौक से सेक्टर-7 और सात के डिवाइडिंग रोड पर, सेक्टर-7 और 9 की हुडा मार्केट, सेक्टर-9 व 10 के डिवाइडिंग रोड, सेक्टर-3 से तिगांव रोड, सौ फुटा रोड और बल्लभगढ़ शहर स्थित बस अड्डे पर भी पानी भर गया।
