अरविंद केजरीवाल की तरह महिला आयोग भी मुसीबत के वक्त गायब रहता है : योगिता सिंह

आप के निगम पार्षद के महिला से दुर्व्यवहार पर केजरीवाल खामोश क्यों?

भरत सिंह की रिपोर्ट

नई दिल्ली, प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष योगिता सिंह ने मंगलवार को केजरीवाल सरकार में महिलाओं के ऊपर हो रहे अत्याचार के खिलाफ पूर्व महापौर कमलजीत सहरावत और प्रदेश प्रवक्ता ऋचा पांडेय मिश्रा के साथ दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल से इस मामले में संज्ञान लेने को कहा। भाजपा महिला नेता इस मामले ज्ञापन देने जब अध्यक्ष के कार्यालय पहुँची तो वहां ताला लटका मिला। इस पर इन महिला नेताओं ने कहा कि जिस तरह मुसीबत में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गायब रहते हैं उसी तरह महिला आयोग अध्यक्ष भी गायब हो गई है।
योगिता सिंह ने आप के निगम पार्षद रमेश मटियाला द्वारा आम आदमी पार्टी की महिला कार्यकर्ता हरदीप कौर पर हमला करवाने के मामले को शर्मनाक बताते हुए कहा कि आदर्शवाद और ईमानदारी की बात करने वाले केजरीवाल ने इस मामले में अभी तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की? केजरीवाल सरकार में आम महिला तो दूर उनकी पार्टी की महिला कार्यकर्ता भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा की बड़ी-बड़ी बातें करने वाले आप नेता इस मामले में क्यों नहीं कुछ कह रहे हैं?
योगिता सिंह ने कहा कि आधी रात को कही भी पहुँच जाने वाली दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल के बारे में अक्सर यह शिकायत मिलती है कि कार्यालय में पहुँचने वाली जरूरतमंद महिलाओं से कभी नहीं मिलती हैं। उन्होंने कहा कि आज भी कार्यालय में सिर्फ हम ही नहीं बल्कि हमारे जैसी कई बहने अपनी तकलीफों के साथ आई थी कि शायद उन्हें न्याय मिले लेकिन यहां कार्यालय बन्द होने से सभी को निराश ही हाथ लगी।
पूर्व महापौर कमलजीत सहरावत ने कहा कि आप के महिला कार्यकर्ता ने अपने ट्विटर हैंडल से एक वीडियो जारी की है जिसमे वह अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और दुर्गेश पाठक से न्याय की गुहार लगती हुई नजर आ रही है, लेकिन इसके बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने सवाल किया कि क्या आम आदमी पार्टी सिर्फ इसलिए चुप है क्योंकि आज उसके निगम पार्षद पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हर विषय पर राजनीति करना अरविंद केजरीवाल की बहुत पुरानी आदत बन गई है।
प्रदेश प्रवक्ता ऋचा पांडेय मिश्रा ने आरोप लगाया कि आज आम आदमी पार्टी के नेता दुःशासन बनकर महिलाओं के साथ अत्याचार कर रहे हैं और केजरीवाल धृतराष्ट्र बनकर सिर्फ तमाशा देख रहे हैं। देश के हर मुद्दे पर अपनी राय रखने वाली स्वाती मालीवाल दिल्ली में उनकी ही सरकार में महिला के साथ हुए इस मामले का स्वतः संज्ञान लेना चाहिए लेकिन वह इसे अनदेखी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की महिला क्या महिला नहीं है। अपने पद का दुरुपयोग करके राजनीति मानसिकता में पूरी तरह से लिप्त स्वाती मालीवाल को दिल्ली की महिलाओं की समस्या क्यों नहीं देखी जाती?

Post a Comment

SEEMANCHAL EXPRESS

Previous Post Next Post