साप्ताहिक कर्फ्यू : दिल्ली की सड़कों और बाजारों में छाई वीरानी





नई दिल्ली, (एजेंसी)। राजधानी में बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार द्वारा लागू किए गए साप्ताहिक कर्फ्यू का खासा असर देखा जा रहा है। दिल्लीवासियों ने रविवार को भी कर्फ्यू का पालन किया, जिसके चलते सुबह से लेकर रात तक सड़कों और गली-मोहल्लों में सन्नाटा पसरा रहा। वहीं, सड़कों पर केवल आपातकालीन सेवा से जुड़े और ई-पास धारक व्यक्ति ही दिखे, जिनसे भी पुलिस ने रोककर पूछताछ की। वहीं, नई दिल्ली और पुरानी दिल्ली के प्रमुख बाजारों भी सन्नाटा पसरा रहा।

हमेशा से लोगों से भीड़ से गुलजार रहने वाले पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक बाजार में सुबह सात बजे से ही लोगों का सन्नाटा पसरा रहा। इलाके के रहने वाले चंद लोग ही जरूरी काम से बाजार की प्रमुख सड़कों पर दिखें। वहीं, पुलिस कर्मी भी चांदनी चौक में तैनात रहे, जो बेवजह घूमने वाले लोगों से पूछताछ करते रहे। वहीं, सदर बाजार, खारी बावली, भागीरथ पैलेस समेत सभी बाजारों में यही हाल रहा।

सूने बाजारों में खेलते रहे बच्चे : सदर बाजार इलाके में रहने वाले बच्चों को कभी ऐसा मौका नहीं मिलता था कि वह अपने ही इलाके की सड़कों पर आकर खेले, लेकिन शनिवार को कर्फ्यू के दौरान बच्चे क्रिकेट समेत अन्य खेल खेलते हुए दिखे। हालांकि बाद में परिवार के सदस्यों के समझाने पर बच्चे वापस घर लौट गए। वहीं, दरियागंज समेत अन्य इलाके में सुबह और शाम के वक्त सब्जी वाले सब्जी बेचते हुए दिखाई दिए। रमजान के दौरान लोगों के घरों तक सब्जी पहुंचाने का काम किया गया।

दिल्ली के दिल में भी पसरा सन्नाटा : लॉकडाउन के बाद से अपनी रंगत पर वापस लौटा दिल्ली का दिल कहे जाने वाला कनॉट प्लेस भी रविवार को सूना पड़ा रहा। कनॉट प्लेस के इनर और आउटर सर्कल पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। हालांकि आपातकालीन सेवा से जुड़े लोग इस इलाके से होकर गुजरते रहे। वहीं, करोलबाग, पटेल नगर, पहाड़गंज और राजेंद्र प्लेस इलाके में भी जगह-जगह पुलिस ने बैरिकेडिंग कर लोगों से पूछताछ की। वहीं, बिना मास्क और बिना ई-पास के सड़कों पर घूमने वाले लोगों का कर्फ्यू का उल्लंघन करने की धाराओं में चालान भी किया गया।

Post a Comment

SEEMANCHAL EXPRESS

Previous Post Next Post