Seemanchal Express,New Delhi
Jaychand Kumar Kushwaha
नई दिल्ली, 15 मई : दिल्ली सरकार ने कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर के बीच राजधानी के तीनों नगर निगमों को स्वास्थ्य कर्मियों तथा अन्य कर्मचारियों के वेतन के भुगतान के लिए 1,051 करोड़ रुपये जारी करने की शनिवार को घोषणा की। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ऑनलाइन ब्रीफिंग में कहा कि लॉकडाउन के चलते पैदा हुईं विकट परिस्थितियों के बावजूद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यह निर्णय लिया है ताकि कोविड-19 महामारी के से लड़ने में मदद कर रहे लोगों के वेतन का भुगतान किया जा सके। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि दिल्ली नगर निगमों में कुप्रबंधन तथा भ्रष्टाचार के चलते नगर निकायों के डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों को उनका वेतन नहीं मिल रहा। दक्षिण दिल्ली नगर निगम, पूर्वी दिल्ली नगर निगम और उत्तरी दिल्ली नगर निगम तीनों पर भाजपा का शासन है। सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली सरकार ने तीनों नगर निगमों को महामारी के बीच कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए 1,051 करोड़ रुपये जारी किए हैं- पूर्वी निगम को 367 करोड़, उत्तरी निगम को 432 करोड़ और दक्षिणी निगम को 251 करोड़ रुपये मिलेंगे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि निगमों को यह सुनिश्चित करना होगा कि इस धन का इस्तेमाल केवल कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए किया जाएगा और इसका कहीं और उपयोग नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोरोना के बीच में दिल्ली नगर निगम अपने भ्रष्टाचार की वजह से कर्मचारियों को वेतन नहीं दे पा रहा है। ये हालात तब हैं जब महामारी फैली है, डॉक्टर दिन रात मेहनत कर रहे हैं। मेडिकल स्टाफ अपनी जान लगाकर मरीजों को बचा रहे हैं।
