केजरीवाल ने मृतक टीचर के परिवार को सौंपा 1 करोड़ रुपये का चेक, बोले- हमें अपने कोरोना वॉरियर्स पर गर्व

Seemanchal Express ,Bharat Singh/New Delhi 



नई दिल्ली, 20 मई : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को कोविड-19 से जान गंवाने वाले शिक्षक श्योजी मिश्रा के घर जाकर उनके परिवार से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार का हाल जाना और उन्हें एक करोड़ रुपये की सहायता राशि का चेक भी सौंपा। इस दौरान केजरीवाल ने दिवंगत शिक्षक मिश्रा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

केजरीवाल ने बताया कि कोविड ड्यूटी के दौरान मिश्रा भी कोरोना संक्रमित हो गए थे। हालत अधिक बिगड़ने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका और वह शहीद हो गए थे, लेकिन उन्होंने अपनी अंतिम सांस तक दिल्ली के नागरिकों की सेवा की। दिल्ली सरकार ऐसे फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं को सलाम करती है, जिन्होंने दिल्ली के नागरिकों की अथक सेवा की है। 

https://seemanchalexp.blogspot.com/2021/05/senn-messenger.html

आज, दिल्ली सरकार की ओर से, मैंने शिक्षक श्योजी मिश्रा के परिवार के सदस्यों को 1 करोड़ रुपये का चेक सौंपा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अपनी अंतिम सांस तक लोगों की सेवा करते रहे। उन्होंने कहा कि पैसों से किसी के जीवन की कीमत नहीं लगाई जा सकती, लेकिन मुझे उम्मीद है कि इस वित्तीय सहायता से उनके परिवार को कुछ मदद मिलेगी।

इस दौरान मीडिया द्वारा ब्लैक फंगस को लेकर सवाल किए जाने पर केजरीवाल ने कहा कि अगर जरूरत पड़ेगी तो हम दिल्ली में ब्लैक फंगस को महामारी घोषित करेंगे। हमें उम्मीद है कि केंद्र हमें पर्याप्त संख्या में ब्लैक फंगस के इलाज में इस्तेमाल होने वाले इंजेक्शन उपलब्ध कराएगा। हमने डॉक्टरों की एक टीम बनाई है जो प्रभावित मरीजों को एसओपी के अनुसार इंजेक्शन देगी। कल उन्हें इंजेक्शन को लेकर विभिन्न अस्पतालों से 84 आवेदन प्राप्त हुए।

केजरीवाल ने कहा कि मैं सभी अस्पतालों और डॉक्टरों से नियंत्रित मात्रा में स्टेरॉयड का उपयोग करने की अपील करना चाहता हूं। मरीजों को अपना शुगर लेवल नियंत्रित करने की आवश्यकता है। स्टेरॉयड और शुगर के मिश्रण से ब्लैक फंगस हो रहा है। हमने दिल्ली के 3 सरकारी अस्पतालों में इसके इलाज की विशेष व्यवस्था की है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हम अब दिल्ली में अपने ऑक्सीजन प्लांट लगाने के बारे में सोच रहे हैं। दिल्ली के अंदर अब 1-2 दिन की वैक्सीन बची है।

गौरतलब है कि इससे पहले 13 मार्च को मुख्यमंत्री केजरीवाल ने शनिवार को कोरोना संक्रमण से जान गंवाने वाले हिंदू राव अस्पताल के लैब टेक्नीशियन राकेश जैन के परिवार को भी एक करोड़ रुपये की राशि का चेक सौंपा था। इसके साथ ही केजरीवाल ने कहा था कि हम उनके बड़े बेटे को दिल्ली सरकार में नौकरी भी देंगे। पिछले एक साल में बड़ी संख्या में डॉक्टर, नर्सें और अन्य स्वास्थ्य कर्मी और फ्रंटलाइन वर्कर्स कोरोना संक्रमण से संपर्क आए हैं, और उनमें से कुछ की मौत भी हो गई है। 







Post a Comment

SEEMANCHAL EXPRESS

Previous Post Next Post