महमदपुर गांव गोली कांड अब तक 3 लोगों को किया गिरफ्तार पुलिस लगातार छापामारी कर रहीं हैं

महमदपुर गांव गोली कांड 3 गिरफ्तार 

 By,सीमांचल एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क पटना बिहार ( एजेंसी )

अरविंद पासवान 


मधुबनी : बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में होली के दिन हुए जघन्य नरसंहार के बाद तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस-प्रशासन गांव में कैंप कर रहा है। इस बीच घटना के तीन नामजद आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, पुलिस ने अभी इनके नामों का खुलासा नहीं किया है। आठ लोगों की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है। इस तरह, अब तक 11 लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम बनाकर आसपास के गांवों में सघन छापेमारी कर रही है। आरोपितों के अचल संपत्ति का ब्यौरा भी पुलिस खंगालने में जुटी है। कुर्की की कार्रवाई के लिए कोर्ट से अनुरोध किया गया है। डीएसपी अरुण कुमार के अनुसार महमदपुर गांव में मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस बल को तैनात किया गया है। विधि-व्यवस्था व शांति बनाए रखने के लिए पुलिस की तीन टीम महमदपुर, गैबीपुर, पौआम सहित अन्य गांवों में पेट्रोलिग कर सतर्कता बरत रही है कुमार रंजन दल-बल के साथ महमदपुर एवं गैबीपुर गांव में गश्त लगा रहे हैं। पुलिस लगातार लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने व अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील कर रही है। दो दिनों में गांव से उठी चार अर्थियां : महमदपुर गांव से दो दिनों में चार अर्थियां उठ चुकी हैं। चारों मृतक एक ही परिवार के हैं। तीन सगे भाई हैं, जबकि चौथा चचेरा भाई है। इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। गांव के पूर्व सैनिक सुरेंद्र सिंह के तीन पुत्र रणविजय सिंह, विरेंद्र सिंह उर्फ वीरू व अमरेंद्र सिंह की गोली लगने से मौत हो गई है। सुरेंद्र सिंह के भाई स्व. तेज नारायण सिंह के पुत्र राणा प्रताप सिंह की भी मौत हो गई है। परिवार में चार महिलाओं की मांग उजड़ चुकी है। बच्चे अनाथ हो गए हैं। स्वजनों के आंसू रूकने का नाम नहीं ले रहे। तीन मौत तो सोमवार को ही हो गई। मंगलवार को पटना में इलाज के दौरान अमरेंद्र सिंह ने भी दम तोड़ दिया। बुधवार को अमरेंद्र का अंतिम संस्कार किया गया। एक ही परिवार में चार लोगों की मौत की घटना के बाद चित्कार की गूंज थम नहीं रही है। गांव की सड़कें सुनसान हैं। गांव के अधिकतर घरों में ताले झूल रह्रे हैं। गोलीवारी की घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। लोगों में घटना को लेकर आक्रोश भी है।

मृतकों की संख्या बढ़कर हुई पांच : महमदपुर गांव में होली के दिन हुई गोलीबारी के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। अपुष्ट सूत्रों के अनुसार जख्मी रुद्रनारायण सिंह की पटना में इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई। हालांकि, स्थानीय पुलिस अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि करने से परहेज कर रही है। जानकारी के अनुसार छठे जख्मी मनोज सिंह की हालत भी नाजुक बनी हुई है। कोट :::::::: तीन दिनों के अंदर सभी आरोपितों की गिरफ्तारी या आत्मसमर्पण नहीं होने पर उनके घरों की कुर्की की जाएगी। भारत-नेपाल सीमा पर भी नजर बनी हुई है। महमदपुर व गैबीपुर गांव में कड़ी चौकसी बरती जा रही है। लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है। 

डॉ. सत्यप्रकाश, एसपी, मधुबनी


Post a Comment

SEEMANCHAL EXPRESS

Previous Post Next Post