इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्री देवेंद्र यादव के साथ दिल्ली कांग्रेस प्रभारी श्री काजी निज़ामुद्दीन, सह प्रभारी श्री दानिश अबरार तथा प्रदेश कांग्रेस के महासचिव (संगठन) एवं पूर्व विधायक श्री अनिल भारद्वाज ने रैली की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि दिल्ली कांग्रेस का लक्ष्य है कि राजधानी से रैली में सबसे अधिक संख्या में लोग शामिल हों और रामलीला मैदान में दिल्ली की भागीदारी ऐतिहासिक हो।
श्री देवेंद्र यादव ने भाजपा के इशारे पर दिल्ली पुलिस द्वारा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में शामिल होने के लिए दिल्ली आ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर रोकने की कोशिशों की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित रैली में शामिल होना प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक कार्यकर्ता का संवैधानिक अधिकार है। भाजपा सरकार के दबाव में पुलिस द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला है। सत्ता के इशारे पर पुलिस प्रशासन का दुरुपयोग करके कांग्रेस की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
श्री देवेंद्र यादव ने भाजपा सरकार और दिल्ली पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली आने से रोकने और उन्हें रैली में शामिल होने से बाधित करने की किसी भी कोशिश को तुरंत बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को समझ लेना चाहिए कि डराने, धमकाने और रास्ते रोकने से लोकतंत्र की आवाज नहीं दबेगी। राहुल गांधी जी के नेतृत्व में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ शामिल होंगे। भाजपा जितनी ज्यादा बाधाएं खड़ी करेगी, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का हमारा संकल्प उतना ही मजबूत होगा। दिल्ली पुलिस को राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
श्री देवेंद्र यादव ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में देश के लगभग 96.88 करोड़ पंजीकृत मतदाता थे और करीब 64.2 करोड़ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। ये आंकड़े बताते हैं कि भारत का लोकतंत्र करोड़ों नागरिकों के वोट की ताकत पर खड़ा है। यदि किसी भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची से हटता है या किसी अपात्र व्यक्ति का नाम गलत तरीके से जुड़ता है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी के नेतृत्व में यह रैली केवल राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि हर नागरिक के वोट, संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प है।

