डेंगू से लड़ाई में सरकार सिर्फ जुबानी जमाखर्च कर रही है: बिधूड़ी

• डेंगू से लड़ाई में सरकार सिर्फ जुबानी जमाखर्च कर रही है: बिधूड़ी

• न पानी की निकासी, न फॉगिंग और न ही दवाइयों का छिड़काव

• सरकार कोरोना की तरह डेंगू को भी हल्के में ले रही है

• डीबीसी कर्मचारियों की हड़ताल से स्थिति विस्फोटक हो गई

फाइल फोटो, नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी नई दिल्ली 




नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा है कि केजरीवाल सरकार हमेशा की तरह डेंगू से बचाव के नाम पर भी सिर्फ जुबानी जमाखर्च कर रही है। न तो अभी तक कहीं से पानी की निकासी का इंतजाम किया गया है, न फॉगिंग की गई है और न ही कहीं दवाई छिड़की जा रही है। अस्पतालों में इंतजामों के नाम पर भी सिर्फ कागजी दावे ही किए जा रहे हैं जबकि इस बार डेंगू का मच्छर खतरनाक स्ट्रेन से लोगों पर हमला कर रहा है। मलेरिया भी तेजी से फैल रहा है। इसके अलावा घर-घर जाकर मच्छरों के प्रजनन पर निगाह रखने वाले डीबीसी कर्मचारी सरकार के अड़ियल रवैये के कारण हड़ताल पर चले गए हैं जिससे स्थिति और भी विस्फोटक हो गई है।

 

नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली में डेंगू के अब तक 243 मामले रिपोर्ट किए गए हैं, जो साल 2018 के बाद से सबसे अधिक है। बीते एक हफ़्ते के दौरान ही डेंगू के 56 नए मामले सामने आए हैं। इससे पहले के दो हफ़्तों में डेंगू के कुल 51 केस आए थे। इस तरह देखा जाए तो डेंगू का खतरा लगभग दोगुना हो गया है। डेंगू की सैंपल टेस्टिंग में रोगियों में गंभीर प्रकार के टाइप-2 डेंगू के मामले सबसे अधिक देखे जा रहे हैं। दिल्ली सरकार ने 20 पॉजिटिव सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग कराई तो पता चला कि इनमें से 19 में स्ट्रेन टाइप-2 है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि स्ट्रेन टाइप-2 के कारण डेंगू के गंभीर रूप से फैलने का खतरा है और मरीजों की जान जा सकती है। उन्होंने कहा कि इस साल अब तक मलेरिया के भी 72 केस सामने आ चुके हैं जो पिछले साल के मुकाबले बहुत ज्यादा हैं। 

 

इसके अलावा डीबीसी कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन में हड़ताल पर चले गए हैं और सरकार हमेशा की तरह वादा करके भी उनकी मांगें पूरी नहीं कर रही। कर्मचारी वेतन वृद्धि और सेवा पूरी होने, नौकरी के दौरान मृत्यु होने पर 10 लाख रुपए की सहायता राशि की मांग कर रहे हैं। उन्हें मेडिकल और दूसरी छुट्टियां भी नहीं दी जा रही। उन्होंने नसीहत दी है कि सरकार डेंगू और मलेरिया के प्रति गंभीर हो और मच्छरों को नष्ट करने के प्रभावी और जमीनी कदम उठाए। यह खेद की बात है कि जब दिल्ली की जनता को डेंगू से बचाने के लिए कदम उठाने की जरूरत है तो पूरी आम आदमी पार्टी सरकार बेजा अधिकारों की लड़ाई में जुटी हुई है जबकि अपने कर्तव्यों को भूल चुकी है।

Post a Comment

SEEMANCHAL EXPRESS

Previous Post Next Post