दिल्ली की जनता चिंता न करे, मैं कोई काम रूकने नहीं दूंगा - अरविंद केजरीवाल





नई दिल्ली: सीएम अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र के ओम विहार फेस-5 अनाधिकृत कॉलोनी में 31 करोड़ रुपए की लागत से बनी 206 सड़कों और 412 नालियों के विकास कार्य का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सीएम ने कहा कि हमारी सरकार दिल्ली की सभी कच्ची कॉलोनियों में सारी सुविधाएं दे रही हैं। 75 साल में ये लोग देश की राजधानी दिल्ली में लोगों को सड़क, सीवर, पीने का पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं तक नहीं दे पाए। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बाकी देश का क्या हाल हो रहा होगा? ये लोग जाति-धर्म के नाम पर वोट मांगते हैं, लेकिन मैं कभी जाति-धर्म के नाम पर वोट मांगने नहीं आऊंगा। मैं कोई सड़क या स्कूल ये देखकर नहीं बनवाता हूं कि वहां हिन्दू रह रहा है या मुस्लिम। इसका सबको लाभ मिलता है। सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पहले दिल्ली के सरकारी स्कूलों का बुरा हाल था। हमने सारे स्कूलों को शानदार बना दिया। हमारे बच्चे पढ़ेंगे, तभी तो हम चांद पर पहुंचेंगे। अनपढ़ रह गए तो कैसे चांद पर पहुंचेंगे। इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री सौरभ भारद्वाज, स्थानीय विधायक महेंद्र यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे। सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है। देश को आजाद हुए 75 साल हो गए हैं। अभी तक राजधानी दिल्ली के अंदर लोगों के घरों में पीने का पानी तक नहीं आता है। सीवर नहीं है। सड़क नहीं है। बुनियादी सुविधाएं तक नहीं हैं। अगर हम राष्ट्रीय राजधानी में ये सुविधाएं नहीं दे पाए तो बाकी देश मे ंतो पता नहीं क्या हाल हो रहा होगा। मैं नेता नहीं हूं। एक आम आदमी की तरह मै भी हूं और मेरा भी एक छोटा सा परिवार है। आम आदमी के घर में क्या समस्याएं हैं, वो मैं समझता हूं। हर आदमी चाहता है कि उसके बच्चे अच्छे स्कूल में पढ़-लिख जाएं। हर आदमी चाहता है कि अच्छी सड़क हो, बिजली-पानी, सीवर और साफ-सफाई हो। लेकिन किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। सारी पार्टियां आती हैं और सिर्फ लड़ाई-झगड़ा करती हैं। जाति-धर्म के नाम पर वोट मांगती हैं। मैं कभी भी जाति-धर्म के नाम पर वोट मांगने नहीं आउंगा। कई लोग मुझसे पूछते हैं कि आपका वोट बैंक कौन है? मैं जवाब देता हूं कि सभी मीडिल क्लास और गरीब लोग मेरा वोट बैंक है। चाहे वो हिन्दू है या फिर मुस्लिम, सिख या ईसाई हो। मैं कोई गली ये देखकर नहीं बनाता हूं कि यहां हिन्दू रहता है या मुसलमान रहता है। मैंने दिल्ली में ढेरों स्कूल बनाए और उसमें सभी धर्मों के लोग पढ़ते हैं। सभी अपने ही लोग हैं। हम लोग देश का विकास करने के लिए आए हैं, हमें राजनीति नहीं आती है। हमने आज तक कभी राजनीति नहीं की।

Post a Comment

SEEMANCHAL EXPRESS

Previous Post Next Post