कर्नाटक के मंत्री ने दिल्ली आकर खोली मुहल्ला क्लीनिक की पोल: बिधूड़ी




नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा है कि कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने दिल्ली सरकार के मुहल्ला क्लीनिक की सारी हवा निकाल दी है। अब यह दौरा आम आदमी पार्टी सरकार के लिए न उगलते बन रहा है और न निगलते। उनके झूठ का भी खुलासा हो गया और विपक्षी एकता के ढोल की पोल भी खुल गई है।

बिधूड़ी ने कहा कि गुंडू राव शुक्रवार को दिल्ली आए थे और उन्हें आप सरकार के बहुचर्चित मुहल्ला क्लीनिक दिखाने के लिए ले जाया गया। इसके लिए पॉश कॉलोनी पंचशील पार्क के मुहल्ला क्लीनिक को चुना गया। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज भी उनके साथ थे। इसके बाद सौरभ भारद्वाज ने झूठा ट्वीट किया कि कर्नाटक के नम्मा क्लीनिक को और बेहतर बनाने की दिशा में वहां के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने मुहल्ला क्लीनिक का दौरा किया है। यही नहीं, सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी रिट्वीट किया कि दोनों को एक-दूसरे से कुछ न कुछ सीखना चाहिए। आम आदमी पार्टी के नेता इस पर गद्गद् हो रहे थे और झूठ बोल रहे थे कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार के एक मंत्री ने सीखने के लिए हमारे मुहल्ला क्लीनिक का दौरा किया जबकि गुंडू राव ने ऐसा कुछ नहीं कहा था। जब गुंडू राव को पता चला कि आम आदमी पार्टी इस दौरे का गलत मतलब निकाल रही है तो उन्होंने भी एक ट्वीट करके आप सरकार की सारी हवा निकाल दी।

सौरभ भारद्वाज ने दोपहर एक बजकर 31 मिनट पर ट्वीट किया था तो गुंडू राव ने 2 बजकर 56 मिनट पर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि मैं मुहल्ला क्लीनिक देखने गया जहां कोई मरीज ही नहीं था। हमारे कर्नाटक में नम्मा क्लीनिक में ज्यादा सुविधाएं हैं जिनमें लैब भी शामिल है जहां मरीजों के फौरन टेस्ट भी हो जाते हैं। दिल्ली के मुहल्ला क्लीनिकों का सिर्फ शोर शराबा मचाया जा रहा है और वहां जाकर मुझे बड़ी निराशा हुई। बिधूड़ी ने कहा कि इसके साथ ही विपक्षी एकता के केजरीवाल के दावों की पोल भी इस घटना से खुल गई है। इसका मतलब साफ है कि केजरीवाल और कांग्रेस एक-दूसरे की इज्जत उछालने में अब भी कोई कसर नहीं छोड़ रहे।

Post a Comment

SEEMANCHAL EXPRESS

Previous Post Next Post