समाहरणालय अररिया
जिला जनसम्पर्क कार्यालय
• मासुम रजा, सीमांचल एक्सप्रेस अररिया
दिनांक- 24 जुलाई 2023
जिला पदाधिकारी श्रीमती इनायत खान एवं पुलिस अधीक्षक श्री अशोक कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित परमान सभागार में मुहर्रम पर्व के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण को लेकर ब्रीफिंग बैठक आहूत की गई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के साथ मुहर्रम पर्व संपन्न करने के लिए अधिकारियों को विशेष रूप से अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी संवेदनशील स्थलों पर संयुक्त आदेश द्वारा दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति गई है। बैठक में बताया गया कि मुहर्रम पर्व इस वर्ष दिनांक 29 जुलाई 2023 को मनाये जाने की सूचना है। जिले में मोहर्रम पर्व के अवसर पर ताजिया जुलूस निकालने की परंपरा रही है जिसमें असामाजिक एवं अपराधिक तत्वों द्वारा उपद्रव करने की संभावना बनी रहती है। इसलिए सभी चिन्हित संवेदनशील जगहों पर विशेष निगरानी एवं सतर्कता आवश्यक है। जिलाधिकारी द्वारा थानावार चिन्हित संवेदनशील स्थलों के लिए असामाजिक तत्वों के विरुद्ध ससमय निरोधात्मक कार्रवाई एवं बंध पत्र करवाते हुए निरोधात्मक कार्रवाई संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जुलूस निकालने के लिए अनुज्ञप्ति लेना आवश्यक है, जिसका अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही जुलूस मार्ग का संबंधित थानाध्यक्ष एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी के द्वारा संयुक्त रूप से भौतिक सत्यापन कराने का निर्देश दिया गया। बैठक को पुलिस अधीक्षक श्री अशोक कुमार सिंह ने भी संबोधित किया। बैठक में बताया गया कि जिला संयुक्त आदेश द्वारा गश्ती दल सहित अररिया अनुमंडल में कुल 114 तथा फारबिसगंज अनुमंडल में कुल 125 स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त विशेष दंडाधिकारी सह वरीय प्रभारी प्रखंड/थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रतिनियुक्त किए गए हैं। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल की प्रतिनियुक्ति दिनांक 28.07.2023 के अपहरण से 30.07.2023 तक के लिए की गई है। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी/सशस्त्र बल को अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर दिनांक 28.07.2023 के अपहरण में निश्चित रूप से योगदान देने का निर्देश है। वहीं जिला नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या 06453-222309 कार्यरत रहेगा। इसके अतिरिक्त अनुमंडल नियंत्रण कक्ष 06453-222070 एवं फारबिसगंज अनुमंडल नियंत्रण कक्ष 06455-295202 पर कार्यरत रहेगा। उक्त हेतु जिला नियंत्रण कक्ष में पदाधिकारी एवं कर्मियों की तीन पाली में रोस्टरवार प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके वरीय प्रभार में श्री देवेंद्र प्रताप शाही, भूमि सुधार उप समाहर्ता अररिया तथा प्रभारी पदाधिकारी के रूप में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, अररिया रहेंगे। विधि व्यवस्था के वरीय प्रभार में अपर समाहर्ता, अररिया, श्री राजमोहन झा रहेंगे। बैठक में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, थानाध्यक्ष एवं संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे।

