सीमांचल एक्सप्रेस • रिपोर्टर • अशोक कुमार
बाढ़-अथमलगोला थाना क्षेत्र के एनईसी पुल घाट पर गंगा नदी में शुक्रवार को पैर फिसलने के कारण डुबे रोहित का शव शनिवार को एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया।मौके पर अंचलाधिकारी भाष्कर कुमार मंडल और थांनाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह भी मौजूद रहे। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना अंतर्गत अथमलगोला बाजार निवासी विनोद साव का 23 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार साथियों के साथ एनईसी पुल घाट पहुंचा था। जहां गंगा नदी के किनारे पर खड़े होने के कारण पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जा गिरा और डूब गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल इसकी सूचना प्रशासन एवं परिजनों को दी।तत्पश्चात स्थानीय स्तर पर बचाव कार्य शुरू किया गया। जिसमें सफलता नहीं मिलने पर अंचलाधिकारी भास्कर कुमार मंडल ने एसडीआरएफ की टीम को तत्काल इसकी सूचना दी। सूचना के आधार पर पहुंची बचाव टीम ने तलाश अभियान जारी किया। लेकिन देर शाम तक उसे सफलता नहीं मिली। शनिवार की सुबह टीम का तलाश अभियान पूरा हुआ और रोहित का शव बरामद कर लिया गया।रोहित के शव को प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के पश्चात परिजनों को सौंप दिया गया। इधर मृतक के परिजनों के बीच जहां कोहराम मचा है वही क्षेत्र में भी मातम का माहौल है।

