• केजरीवाल पीने के लिए परोस रहे हैं जमीन का दूषित जहरीला पानी
• दूषित पानी पीने से लीवर - किडनी और कैंसर के मरीजों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि

नई दिल्ली, दिल्ली सरकार द्वारा फ्री पानी पर राजनीतिक महत्वाकांक्षा को पूरा करने के लिए जमीन से पानी निकाल कर पीने के लिए 600 से अधिक बोरवेल (टयूवैल) तैयार कराने का मामला सामने आया है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चेयरमैन(RTI विभाग) रामनिवास शर्मा ने सीमांचल एक्सप्रेस को सभी दस्तावेजों के साथ जानकारी दी है कि दिल्ली सरकार द्वारा पीने के लिए जमीन से पानी निकाल कर सप्लाई किया जा रहा है और दिल्ली में 600 से अधिक बोरवेल (टयूवैल) तैयार कराए गए हैं ।
श्री शर्मा ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि फ्री पानी की आड़ में दिल्लीवासियों के जीवन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है क्योंकि दिल्ली में जमीन का पानी बहुत दूषित है, और इसके पीने से लीवर - किडनी सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं , और यही मुख्य कारण है कि दिल्ली में अचानक से लीवर किडनी और कैंसर के मरीजों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि भी हुई है।
श्री शर्मा ने जलशक्ति मंत्रालय और केंद्रीय भूजल बोर्ड की लेबोरेट्री से प्राप्त रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि दिल्ली में जमीन के पानी में कैडमियम, लैड, क्रोमियम, नाइट्रेट, और आयरन की मात्रा बहुत अधिक होने के कारण यहां का पानी नहाने धोने के योग्य भी नहीं है ।
श्री शर्मा ने बताया कि दिल्ली सरकार ने पीने के पानी की सुचारू व्यवस्था के लिए अभी तक कोई भी नया काम नहीं किया है और फ्री पानी पर राजनीतिक महत्वाकांक्षा की आड़ में दिल्लीवासियों को मुफ्त में गंभीर बीमारी परोसने का काम किया जा रहा है।