पानीपत, राजमिस्त्री सलीम ने बिहार के मजदूर अफजल की गला काटकर की हत्या



• शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद अफजल के परिजनों को जानकारी दे दी गई है। आरोपी राजमिस्त्री सलीम जिला शामली, कैराना उत्तर प्रदेश निवासी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। - सुनील कुमार, थाना प्रभारी, समालखा


अररिया रिपोर्ट, हयात दानिश/ पानीपत/ समालखा : जौरासी खास गांव में एक राजमिस्त्री ने मजदूर का कस्सी से गला काटकर हत्या कर दी। राजमिस्त्री और मजदूर गांव में एक मकान निर्माण के काम में लगे थे। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात पर विवाद हुआ और घटना हो गई। घटना के बाद राजमिस्त्री मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मजदूर का शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया है। मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। देर शाम पुलिस ने हत्यारोपी राजमिस्त्री को गिरफ्तार लिया। जौरासी खास गांव निवासी राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह निजी कंपनी में नौकरी करता है। उसका भाई संजय मकान बनवा रहा है। दोपहर करीब दो बजे वह और पिता रतन सिंह निर्माणाधीन मकान की गैलरी में कुर्सी पर बैठे थे। सामने कमरे में बिहार के अररिया जिले के करहारा गांव निवासी मजदूर अफजल (50) और उत्तर प्रदेश के जिले शामली के कैराना निवासी मिस्त्री सलीम चिनाई का काम कर रहे थे। सलीम और अफजल दोनों में काम के दौरान झगड़ा हो गया। इतने में दोनों में हाथापाई हो गई। सलीम ने कस्सी उठाकर अफजल की गर्दन और सिर पर कई वार कर दिए। कस्सी लगने से अफजल फर्श पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसने पिता के साथ मिलकर सलीम को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भाग निकला। वारदात के वक्त मौके पर दूसरा मजदूर मधुबन निवासी रामप्रसाद मौके पर नहीं था। मकान के निर्माण में राजमिस्त्री के साथ दो मजदूर लगाए गए थे। दोपहर को रामप्रसाद काम से बाहर गया था। लौटा तो अफजल का शव मिला। थाना प्रभारी सुनील कुमार, चौकी इंचार्ज महावीर सिंह और एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सामान्य अस्पताल में भेजा गया।





ग्रामीणों के मुताबिक अफजल कई महीने पहले धान लगाने के लिए गांव में आया था। सीजन खत्म होने के बाद उसके साथी तो बिहार लौट गए, लेकिन वह यहीं ठहर गया। वह खेतों में खाद देने और खरपतवार उखाड़ने का काम करने लगा। कुछ दिन पहले मजदूर नहीं मिलने पर संजय ने उसे राजमिस्त्री के साथ लगा दिया था।

Post a Comment

SEEMANCHAL EXPRESS

Previous Post Next Post