अपराधियों के हौसले बुलंद : हरियाणा-झारखंड के बाद अब गुजरात में पुलिसकर्मी को ट्रक ने कुचला, इलाज के दौरान मौत




देश में अब आम जनता क्या, पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं है। जी हां अपराधी बेखौफ-बेलगाम होते जा रहे हैं, अपराधियों को कानून का जरा भी डर नहीं है। आपको बता दें कि देश में 24 घंटे के भीतर तीन पुलिसवालों को ट्रक-डंपर से कुचलकर मार डाला गया।

नई दिल्ली : एक और मामला गुजरात के आणंद से सामने आया है, जहां एक पुलिसकर्मी को ट्रक से रौंद दिया गया। बताया जा रहा है कि गुजरात के आणंद में ट्रैफिक पुलिसकर्मी राजकिरण को ट्रक ने कुचल दिया। जिसके बाद सूचना मिलने पर घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं पुलिस ने गाड़ी बरामद कर ली है और आरोपी ड्राइवर को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

रांची में महिला पुलिसकर्मी की पिकअप वैन से रौंदकर हत्या

आपको बता दें कि इससे पहले बुधवार तड़के 3 बजे झारखंड के रांची में महिला पुलिस एसआई संध्या टोपने की पिकअप वैन की टक्कर से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पशु तस्करी की सूचना पर रात को वाहनों की चेकिंग शुरू की गई थी, इसी दौरान पुलिस टीम ने जब एक पिकअप वैन को रोकने का इशारा किया तो, ड्राइवर ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर महिला दरोगा को कुचल दिया। इस घटना में महिला पुलिस अधिकारी की मौके पर ही मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने गाड़ी समेत एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

हरियाणा के नूंह में डीएसपी की डंपर से रौंदकर हत्या

वहीं मंगलवार दोपहर को हरियाणा के नूंह जिले में तावडू़ डीएसपी सुरेंद्र सिंह बिश्नोई की डंपर से रौंदकर हत्या कर दी गई। बता दें कि पुलिस अधिकारी पंचगांव पहाड़ी इलाके में पत्थर का अवैध खनन रोकने गए थे। दस्तावेज की जांच के लिए डीएसपी ने एक डंपर-ट्रक को रुकने का इशारा किया था, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ाते हुए उन्हें कुचल डाला। जिसके बाद उनको घायल अवस्था में एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Post a Comment

SEEMANCHAL EXPRESS

Previous Post Next Post